
जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा जिले के पंजीयन से बचे शेष सभी किसानों से अपील की गई है कि वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग तथा एग्रीस्टैक फार्मर आईडी का पंजीयन जल्द से जल्द करा लें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को 22वीं किस्त की राशि आज 13 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। इस संबंध में प्रधानमंत्री द्वारा अनुमति प्रदान कर दी गई है। जिन किसानों का आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन अद्यतन नहीं होगा, वे योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी। यह भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अंतर्गत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। योजना के तहत अब तक 21 किस्तों के माध्यम से देशभर के पात्र किसान परिवारों को 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देश में पी.एम. किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य में इस किश्त के माध्यम से कुल 24 लाख 71 हजार 498 यूनिक लाभार्थियों को 498.83 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी।
किसान उत्सव दिवस के अवसर पर प्रत्येक जिले के विकासखण्ड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर समस्त ग्रामवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से दिखाने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों से उपस्थित रहने की अपील की गई है।
