
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के बड़े रबेली गांव में शराब दुकान खुलने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला और शराब दुकान का विरोध करते हुए चक्काजाम किया गया. इस चक्काजाम से मालखरौदा-छापोरा मुख्यमार्ग बाधित रहा. चक्काजाम को समर्थन देने आस-पास के ग्रामीण भी पहुंचे थे. इस तरह 6 घण्टे तक माहौल गर्म रहा और फिर, अधिकारियों के आश्वासन ने बाद मामला शांत हुआ. इधर, तनाव को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और मालखरौदा SDM सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे.
महिलाओ ने बताया कि शराब दुकान खुलने से गांव का माहौल बिगड़ता है, बच्चे पढ़ाई के बजाए नशाखोरी की ओर जाते हैं और उनका भविष्य खराब होता है. ऐसे में एक बड़ी समस्या उत्पन्न होती है, जिसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया और शराब दुकान को अन्य जगह शिफ्ट करने की मांग की गई. अगर मांग पूरी नहीं कि जाती है तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा.
इधर, मालखरौदा SDM रूपेंद्र पटेल ने बताया कि आश्वाशन दिया गया है. उच्च स्तर पर बात पहुंचाई जाएगी. फिलहाल, आश्वाशन के बाद मामला शांत हुआ है.
