
सक्ती जिले के क्रांति कुमार महाविद्यालय के छात्र बलदेव गोंड की मौत के बाद परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. यहां परिजनों और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने कॉलेज गेट के सामने शव रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, फिर NH-49 पर चक्काजाम कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, बलदेव टूर्नामेंट से क्रिकेट खेलकर अपने 2 साथियों के साथ लौट रहा था, तभी जांजगीर-चाम्पा जिले के हथनेवरा गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली से बाइक टकरा गई और बलदेव की मौत हो गई, वहीं उसके 2 दोस्त योगेश साहू और हेमचरण पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता विफल होने पर आक्रोश भड़का और प्रदर्शनकारियों ने NH-49 को जाम कर दिया, जिससे आवागमन घंटों बाधित रहा. काफी मशक्कत और लंबी समझाइश के बाद मुआवजे पर सहमति बनी, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया. SDM अरुण कुमार सोम ने कहा कि छात्र होने के नाते हिट-एंड-रन मामले में नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी.
