एक दिन पहले शुरू हो गई थी धान खरीदी, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आज फिर से कराया गया खरीदी का शुभारंभ, नेताओं में अपनी साख बनाने खरीदी प्रभारी का कारनामा

सक्ती : सेवा सहकारी समिति घिवरा में एक दिन पहले धान खरीदी शुरू हो गई है, लेकिन आज जनप्रतिनिधियों से दोबारा खरीदी का शुभारंभ कराया गया. खरीदी प्रभारी द्वारा सुर्खियां बटोरने और नेताओं में खुद की साख बनाने ऐसा कराया गया, लेकिन गांव और क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाया गया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
आपको बता दें कि 3 दिसम्बर को किसान नारायण साहू ने 80 क्विंटल धान की बिक्री की है, जिसके बाद भी खरीदी प्रभारी के बुलावे पर आज जनप्रतिनिधि, खरीदी केन्द्र पहुंचे और सुर्खियां बटोरने खरीदी केन्द्र में फीता काटकर दोबारा खरीदी का शुभारंभ कराया गया है, जबकि एक दिन पहले किसान से धान की खरीदी शुरू हो चुकी है.
मामले में समिति प्रबंधक एवं खरीदी प्रभारी जगदीश कश्यप ने बताया कि 3 दिसम्बर को किसान नारायण साहू से धान खरीदी कर शुभारंभ किया गया था. आज पुनः जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में फीता काटकर खरीदी का शुभारंभ किया गया है.
