
सक्ती : सक्ती नगर की होनहार बेटी आस्था अग्रवाल का पायलट बनने का सपना पूरा हुआ है. इसे लेकर पूरे शहर में खुशी का माहौल देखने को मिला. पायलट कैप्टन बनकर सक्ती पहुंचने पर लोगों ने फूल बरसाकर आस्था अग्रवाल का स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया. इस अवसर पर कचहरी चौक से ढोल-नगाड़ों एवं कर्मा नृत्य के साथ भव्य रैली निकाली गई, जहां पायलट आस्था अग्रवाल और उनके परिजन थिरकते नजर आए. नगरवासियों ने कहा कि आस्था की यह सफलता सक्ती शहर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है.
इधर, आस्था के माता पिता ने कहा कि उनके लिए गर्व की बात है कि बेटी पायलट बनी है और उनका नाम रोशन किया है.
वहीं, आस्था अग्रवाल ने बताया कि पहले IAS बनने का सपना देखा था, लेकिन कुछ अलग करने का ठाना और एयरक्राफ्ट को उड़ते देख पायलट बनने का सपना सजा लिया, जो अब पूरा हुआ है. उनके परिवार वालों ने भी उन्हें पूरा सपोर्ट किया जिसके चलते उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है. सबसे बड़ी बात यह है कि आस्था 5 बार एयरफोर्स का एक्जाम क्लियर की थी, लेकिन किसी कारण से पीछे रह गई थी, लेकिन कभी हौसला कम नहीं हुआ, जिसके बाद सफलता हाथ लगी है और अन्य बेटियों के लिए मिशाल बन गई है.
